किराडु के मंदिर भी विश्व धरोहर की सूची में हो सकते हैं शामिल

Aug 13, 2023 - 15:18
Aug 13, 2023 - 15:19
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की टीम ने निरीक्षण करने के पश्चात भेजा प्रस्ताव, बाड़मेर से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित हैं ये प्राचीन मंदिर

जोधपुर . बाड़मेर के किराडु मंदिर की विश्व धरोहर की सूची में शामिल होने की संभावना है। इसके लिए पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, जोधपुर ने मंदिरों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा है। बाड़मेर से करीब 35 किमी दूर किराड़ु के मंदिर स्थित हैं। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, राजस्थान की ओर से टीम ने निरीक्षण करने के पश्चात यहां की कलाकृतियों के आधार पर यह प्रस्ताव भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) दिल्ली को भेजा है। किराड़ु के प्राचीन और ऐतिहासिक स्मारक विश्व धरोहर बनने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।साथ ही प्राकृतिक आपदा में नष्ट हुए मंदिरों में जो शेष बचे हैं, उनका संरक्षण हो सकेगा।

यह है इतिहास

इन मंदिरों का निर्माण 11 वीं व 12 वीं शताब्दी में हुआ था। यहां 46 मंदिर बनाए गए थे, जिनमें से प्राकृतिक आपदाओं व संरक्षण के अभाव में कई मंदिर नष्ट हो गए एवं अब 5 मंदिर ही शेष हैं। मंदिर में पत्थरों की आकर्षक कलाकृतियां बनी हुई हैं। साथ ही पत्थरों पर रामायण, महाभारत, समुद्र मंथन आदि कई ऐतिहासिक उद्धरणों को उकेरा गया है।

मंदिरों का हो सकेगा संरक्षण

किराड़ु के मन्दिरों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल होने से मंदिरों का संरक्षण होगा। राजस्थान की एक और ऐतिहासिक धरोहर संरक्षित हो सकेगी। विश्व धरोहर में शामिल होने से किराड़ु के मन्दिर तथा बाड़मेर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इमरान अली, अधीक्षक पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग, जोधपुर वृत्त