Janmashtami 2023: पूरी दुनिया के कृष्ण देश हो या विदेश। भगवान के दर्शन के लिए भक्त मंदिर जाने का इंतजार नहीं करते

Sep 6, 2023 - 23:32
Janmashtami 2023: पूरी दुनिया के कृष्ण देश हो या विदेश। भगवान के दर्शन के लिए भक्त मंदिर जाने का इंतजार नहीं करते

उदयपुर . भगवान कृष्ण देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में पूजे जाते हैं। भगवान के दर्शन के लिए भक्त मंदिर जाने का इंतजार नहीं करते, वे प्रभु के दर्शन सोशल मीडिया पर ही कर लेते हैं। राजस्थान के कृष्ण मंदिरों के सोशल मीडिया पेज से लेकर ऐप्स तक लाखों में फैन हैं। इनमें श्रीनाथजी के ऑनलाइन सखा पूरी दुनिया में हैं। सीकर के खाटूश्याम मंदिर के ऑफिशियल पेज पर 9.3 मिलियन फॉलोअर्स और 9.5 मिलियन लाइक्स हैं।

सबसे ज्यादा देखे जाते हैं लाइव दर्शन

इन मंदिरों के सोशल मीडिया पेजेज पर भक्त लाइव दर्शन करना अधिक पसंद करते हैं। कई पेजेज पर विभिन्न पर्वों जैसे जन्माष्टमी सहित अन्य पर्व के विशेष दर्शन, झांकियां भी अपलोड की जाती हैं। जिनके व्यूज भी हजारों- लाखों में होते हैं। हालांकि श्रीनाथजी के लाइव दर्शन नहीं कराए जाते।

बुकिंग से लेकर डोनेशन तक

फेसबुक, एक्स (ट्वीटर), इंस्टाग्राम पर वैसे तो हर मंदिर के पेज बन चुके हैं, इसमें कुछ के ऑफिशियल पेज बने हैं तो वहीं कुछ के आम लोगों की ओर से ही क्रिएट किए गए हैं। श्रीनाथजी मंदिर ट्रस्ट का ऑफिशियल पेज बना हुआ है, जिस पर 3.9 मिलियन फॉलोअर्स और 3.3 मिलियन लाइक्स हैं। वहीं, सांवरिया सेठ के एक अनऑफिशयल पेज पर 89 हजार फॉलोअर्स व 86 हजार लाइक्स हैं। इसी तरह द्वारकाधीश मंदिर, विट्ठलनाथ मंदिर, जगदीश मंदिर आदि के भी फैंस और फॉलोअर्स हैं, लेकिन ये श्रीनाथजी के मुकाबले कम हैं। वहीं, इनके ऑफिशियल पेज नहीं हैं, ये भक्तों द्वारा ही क्रिएट किए गए हैं। सांवलिया सेठ मंदिर की हालांकि ऑफिशियल वेबसाइट बनी हुई है। वहां से लोग दर्शनों के समय की जानकारी, डोनेशन, बुकिंग आदि कराते हैं।

जन्माष्टमी का पर्व कल...झांकियां देखने उमड़ेंगे भक्त

जयपुर . भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी युक्त नवमी के संयोग में गुरुवार को जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। शहर के कृष्ण मंदिरों में सजावट सहित अन्य तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यहां झांकियां देखने के लिए भक्त उमड़ेंगे। ज्योतिषविदों के मुताबिक शहर स्थापना के समय से जयपुर में गोविंददेव जी मंदिर के हिसाब से पर्व मनाने की परंपरा है। मध्य रात्रि में कान्हा प्रगटेंगे। उधर, सरकारी अवकाश भी गुरुवार को ही रहेगा।