Conversation with Shivraj Singh मेरे लिए प्रदेश की बहनें फायदे और नुकसान का हिसाब-किताब नहीं

Nov 16, 2023 - 11:00
Nov 16, 2023 - 11:06
Conversation with Shivraj Singh  मेरे लिए प्रदेश की बहनें फायदे और नुकसान का हिसाब-किताब नहीं
Conversation with Shivraj Singh मेरे लिए प्रदेश की बहनें फायदे और नुकसान का हिसाब-किताब नहीं

Conversation with Shivraj Singh: पत्रिका साक्षात्कार: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान से बातचीत. शिवराज सिंह चौहान चुनाव प्रचार की व्यस्तता के बीच पहले अपने विधानसभा क्षेत्र बुदनी के कार्यकर्ताओं से मिले, कुछ को भाजपा ज्वाइन करवाई, हर दिन की तरह एक पौधा रोपा और फिर निकल पड़े चुनावी सफर पर। उनके निवास से स्टेट हैंगर तक के रास्ते में कार में उनसे विजय चौधरी की बेबाक बात। पढ़िए....

Q आप भाजपा की जीत को लेकर कितने आश्वस्त हैं?

जीत हमारी ही होगी। मैं ऐसा भाई हूं जिसकी प्रदेश में 1.31 करोड़ बहनें हैं। इन बहनों का स्नेह हमारी पार्टी को मिलेगा। भाजपा की सरकार इन बहनों को अभी 1250 रुपए प्रतिमाह दे रही है। आगे तीन हजार तक मिलेंगे। गैस सिलेंडर में छूट के साथ ही बहनों को घर भी दिया जाएगा।

Q गेमचेंजर लाड़ली बहना योजना ही है? और कुछ खास नहीं है?

बहनों की आय बढ़ाकर हमने प्रदेश को खुशहाली के रास्ते पर लाने का काम किया है। युवाओं, बुजुर्गों, किसानों, कर्मचारियों सभी वर्गों के लिए बहुत काम किया है और हर वर्ग को बेहतर जीवन देना हमारा सपना है। चुनाव प्रचार में हर बात का जिक्र किया जा रहा है। घोषणा पत्र में भी 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को ध्यान में रखकर प्रावधान किए हैं।

Q कांग्रेस लाड़ली बहना योजना से बजट बिगड़ने का आरोप लगा रही है..

कमलनाथ नेता की भूमिका में कम और सीईओ की भूमिका में ज्यादा रहते हैं। इसलिए उन्हें मध्य प्रदेश की जनता भी प्रॉफिट और लास बैलेंस शीट की तरह दिखाई देती है। जब गलती से 15 महीने उनको सरकार चलाने का मौका मिला तब भी उनका पूरा समय यही बताने में कट गया कि खजाना खाली है। मेरे लिए मध्यप्रदेश की बहनें फायदे और नुकसान का हिसाब-किताब नहीं हैं। हर महीने 1600 करोड़ उनके खातों में जा रहे हैं। 50% भी यदि बहनें खर्च करती हैं, तो प्रदेश की घरेलू और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बनाने का काम होता है।

Q भाजपा में इस बार सत्ता और संगठन का तालमेल कुछ गड़बड़ाया हुआ प्रतीत होता है। ऐसा क्यों है?

प्रदेश के 64523 बूथ पर 41 लाख कार्यकर्ता अपने प्राण मन से पार्टी को विजयश्री दिलाने के लिए संकल्पबद्ध हैं। यही बात आप कमलनाथ से पूछ लीजिए कि बूथ प्रबंधन के लिए उन्हें एजेंसी लगाकर किराए के लोग क्यों लगाने पड़ रहे हैं?

Q भाजपा के नजरिए से 2018 और 2023 के चुनाव में आप क्या फर्क देख रहे हैं? कांग्रेस फिर से कर्ज माफी का वादा कर रही है?

पांच वर्ष पहले 2018 में कांग्रेस ने कर्जमाफी की घोषणा कर दी थी। किसानों के मन में बदलाव आया था और कांग्रेस को अधिक सीटें मिली थीं। किसानों ने देख लिया कि कांग्रेस ने कर्जमाफी में इतनी शर्तें लगा दीं कि किसानों का भला हो ही नहीं सका। इस बार भी कांग्रेस झूठे वादे कर रही है, मगर सभी इस झूठ को समझ चुके हैं। ‘काठ की हांडी एक बार चढ़ गई, वह बार-बार नहीं चढ़ती।’

Q कांग्रेस आपको घोषणावीर मुख्यमंत्री कह रही है। प्रियंका गांधी कहती हैं कि भाजपा ने साढ़े तीन साल में 21 लोगों को रोजगार दिया है। आपका क्या कहना है?

कांग्रेस झूठ फैलाने के अलावा कुछ काम करती ही नहीं। साढ़े तीन साल में 60 हजार नियुक्ति पत्र तो मैंने खुद ने बांटे हैं।

Q राहुल गांधी ने जबलपुर में आपसे ओबीसी अफसरों की संख्या पूछी?

मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि पचास साल उनकी पार्टी ने शासन किया, उन्होंने ओबीसी के लिए क्या किया? मध्यप्रदेश में लगातार तीन मुख्यमंत्री ओबीसी के हैं। कांग्रेस ने तो सुभाष यादव को सीएम बनने ही नहीं दिया। दिग्विजय सिंह ने हक छीन लिया।