ICC World Cup 2023 : मैच में धोनी और कपिल देव की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

Nov 6, 2023 - 08:52
Nov 6, 2023 - 11:04
ICC World Cup 2023 : मैच में धोनी और कपिल देव की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल
ICC World Cup 2023 : मैच में धोनी और कपिल देव की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल

नई दिल्ली. ICC World Cup 2023 आइसीसी क्रिकेट विश्व कप 2023 की खुमारी पूरे देश पर है, लेकिन भारत को विश्व चैंपियन बनाने वाले दो पूर्व कप्तान कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी अब तक किसी मैच में भारतीय टीम की हौसला अफजाई करने स्टेडियम नहीं पहुंचे हैं। सवाल उठ रहे हैं कि दोनों दिग्गज पूर्व कप्तान आखिर हैं कहां? कपिल देव की अगुआई में भारत ने 1983 और धोनी की कमान में 2011 में वनडे विश्व कप जीता था।

प्रशंसक सोशल मीडिया पर सवाल उठा रहे हैं कि इतना बड़ा टूर्नामेंट भारत में हो रहा है, इसके बावजूद दोनों पूर्व कप्तान एक भी मैच देखने स्टेडियम क्यों नहीं पहुंचे? प्रशंसक बीसीसीआइ की इन दिग्गज पूर्व कप्तानों की अनदेखी करने पर खफा भी हैं। हालांकि दोनों पूर्व कप्तानों ने विश्व कप में शिरकत कर रही भारतीय टीम को खिताब जीतने की शुभकामनाएं दी है।

बीसीसीआइ ने नहीं दिया गोल्डन पास!

बीसीसीआइ सचिव जय शाह ने विश्व कप से पहले कुछ बड़ी हस्तियों को टूर्नामेंट का गोल्डन पास दिया था। इनमें पूर्व कप्तान सचिन तेंदुलकर, अभिनेता अमिताभ बच्चन और रजनीकांत शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव को यह पास नहीं दिया गया। पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने बीसीसीआइ से आग्रह किया था कि दोनों को गोल्डन पास दिया जाना चाहिए।

फाइनल-सेमीफाइनल का आमंत्रण संभव

बीसीसीआइ सूत्रों के मुताबिक बोर्ड विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के लिए योजना बना रहा है। इसके तहत धोनी और कपिल देव के अलावा कई पूर्व भारतीय कप्तानों को मैच देखने के लिए आमंत्रण दिया जाएगा। पहला सेमीफाइनल 15 नवंबर को और दूसरा 16 नवंबर को होगा। फाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद में होगा।