दुनिया की मशहूर इमारतें, जिनका विनाशकारी घटनाओं के बाद हुआ पुनर्निर्माण

Sep 10, 2023 - 13:35
दुनिया की मशहूर इमारतें, जिनका विनाशकारी घटनाओं के बाद हुआ पुनर्निर्माण

11 सितंबर, 2001 को अमरीका में आतंककारी हमलों के बाद ट्विन टावर्स ध्वस्त हो गए थे। इस इमारत की जगह वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर ने ली है और दुनिया को दिखा दिया है कि विनाशकारी घटनाएं दुनिया के प्रगति पथ को नहीं रोक सकतीं। आतंककारी घटनाओं के अलावा कभी युद्ध तो कभी आग और भूकंप ने मशहूर इमारतों को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन सामूहिक प्रयासों और इच्छाशक्ति से उनका फिर से निर्माण कर दुनिया को आशा की नई किरण दिखाई गई है। एक नजर ऐसी ही कुछ मशहूर इमारतों पर, जिनका विनाशकारी घटनाओं के बाद भव्य पुनर्निर्माण किया गया है

व्हाइट हाउस, वॉशिंगटन

आज हम जिस व्हाइट हाउस को जानते हैं, वह वास्तव में जीर्णोद्धार के बाद का रूप है। मूल व्हाइट हाउस को प्रेसिडेंट हाउस कहा जाता था और यह 1814 में जलकर खाक हो गया था। जब जेम्स मैडिसन ने पदभार संभाला तो देश में ब्रिटेन के साथ 1812 का युद्ध शुरू हुआ। युद्ध के दौरान 1814 में ब्रिटिश सैनिकों ने वॉशिंगटन पर आक्रमण किया और प्रेसिडेंट हाउस सहित कई इमारतों को जला दिया। इमारत को तैयार होने में कई साल लग गए।

सेंट पॉल कैथेड्रल, लंदन

सेंट पॉल कैथेड्रल को इतिहास में कई बार नष्ट किया गया था, लेकिन 1940 में लंदन ब्लिट्ज की तबाही के बाद इसका पुनर्निर्माण विशेष रूप से किया गया था। सेंट पॉल कैथेड्रल का आग, वाइकिंग हमलों और गृह युद्धों के कारण कई बार पुनर्निर्माण करना पड़ा। सर क्रिस्टोफर व्रेन ने कैथेड्रल की मरम्मत की और 1710 में अपनी उत्कृष्ट कृति पूरी की, जिससे यह आज तक लंदन की सबसे अधिक पहचानी जाने वाली इमारतों में से एक बन गई।

वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, न्यूयॉर्क

न्यूयॉर्क शहर में वन वर्ल्ड ट्रेड सेंटर को 2001 में आतंककारी हमलों के बाद ट्विन टॉवर्स के स्थान पर बनाया गया है। 11 सितंबर, 2001 की सुबह दो विमानों ने मैनहट्टन में ट्विन टॉवर्स में विनाशकारी आतंककारी हमले को अंजाम दिया। इसमें 2700 से अधिक लोग मारे गए और दोनों इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गईं। वर्षों की योजना और डिजाइनिंग के बाद, न्यूयॉर्क शहर ने 2006 में नया टॉवर बनाना शुरू किया।

फेयरमोंट होटल सैन फ्रांसिस्को

1906 में आए विनाशकारी भूकंप के बाद सैन फ्रांसिस्को का फेयरमोंट होटल आग से तबाह हो गया था, लेकिन सिर्फ एक साल बाद ही इसका पुनर्निर्माण कर लिया गया। इस भूकंप में 3 हजार लोग मारे गए और 28 हजार इमारतें नष्ट हो गई थीं। नोब हिल के ऊपर स्थित फेयरमोंट होटल आश्चर्यजनक रूप से भूकंप के तुरंत बाद बच गया, लेकिन भूकंप के कारण लगी आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद होटल के पुनर्निर्माण में केवल एक वर्ष का समय लगा।

ग्रैन टीट्रे डेल लिसु, बार्सिलोना

बार्सिलोना का प्रसिद्ध ओपेरा हाउस ग्रैन टीट्रे डेल लिसु 1994 में जल गया, लेकिन इसके बाद इसकी सटीक प्रतिकृति बनाई गई और इसे 1999 में फिर से खोला गया। ग्रैन टीट्रे डेल लिसु 150 से अधिक वर्षों से बार्सिलोना मेंसांस्कृतिक और सामाजिक प्रतीक के रूप में था और ओपेरा के कुछ सबसे बड़े नाम इसके मंच की शोभा बढ़ा रहे थे। 1994 में पर्दे में गलती से लगी आग के फैलने से इस सांस्कृतिक केंद्र को बहुत नुकसान हुआ।

रॉयल एक्सचेंज, लंदन

लंदन का मशहूर रॉयल एक्सचेंज दो बार नष्ट हो चुका है। रॉयल एक्सचेंज 1571 में खुला और यह लंदन में वाणिज्यिक व्यापारिक पोस्ट के रूप में काम करने लगा। यह 1666 की भीषण आग में नष्ट हो गया था, लेकिन कुछ ही वर्षों बाद इसका पुनर्निर्माण किया गया। दूसरी बार एक्सचेंज 1838 में फिर से आग से नष्ट हो गया। 1844 में रानी विक्टोरिया ने तीसरी बार रॉयल एक्सचेंज खोला, जो उसी 16वीं सदी के डिजाइन से प्रेरित था।

फ्रौएनकिर्चे चर्च, जर्मनी

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नष्ट हो जाने के बाद ड्रेसडेन में फ्रौएनकिर्चे चर्च का पुनर्निर्माण किया गया था। जर्मन शहर ड्रेसडेन को फरवरी 1945 में तीन दिनों की बमबारी के बाद नष्ट कर दिया गया था। इसके बाद ड्रेसडेन के नागरिकों ने इसके पुनर्निर्माण और पुनर्स्थापन के लिए एक विशेष समिति का गठन किया। पुनर्निर्माण 1994 में शुरू हुआ और इसमें इमारत की अधिकांश मूल सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया। 2005 में चर्च को दुबारा खोला।