Barbie Botox Trend: बार्बी बोटोक्स का ट्रेंड, लुक बदलवाने के लिए इंजेक्शन लगवाना कितना सही

Sep 10, 2023 - 12:15
Barbie Botox Trend: बार्बी बोटोक्स का ट्रेंड, लुक बदलवाने के लिए इंजेक्शन लगवाना कितना सही

Barbie Botox Trend: बार्बी जैसा सौंदर्य हर महिला को लुभाता है। उसकी तरह दिखने के लिए महिलाएं खासतौर से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अब कॉस्मेटिक ट्रीटमेंट बार्बी बोटोक्स का उपयोग कर रही हैं। जिन लड़कियों की शादी होने वाली है, वह भी इसे करा रही हैं। इसमें कंधे व गर्दन को पतला दिखाने के लिए ट्रेपिजियस मांसपेशियों में बोटोक्स का इंजेक्शन लगाया जाता है। ध्यान रहे, इसे बिना प्लास्टिक सर्जन और त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह के नहीं लगवाएं।

यह एक तरह का न्यूरोटॉक्सिन

बार्बी बोटोक्स में लगाया जाने वाले इंजेक्शन में बोटुलिनम का उपयोग होता है जो कि एक न्यूरोटॉक्सिन है। यह त्वचा में पहुंचकर मांसपेशियों को आराम देता है। बोटोक्स के जरिए नसों को कुछ समय के लिए पैरालाइज कर दिया जाता है। इसका उपयोग झुर्रियों को कम करने, गर्दन के दर्द में राहत देने, माइग्रेन और जिन लोगों को अंडरआर्म्स में पसीना ज्यादा आता है वहां किया जाता है। इसका असर छह माह तक रहता है।

जनरेशन-जेड अपनी फिजिकल अपीयरेंस को लेकर ज्यादा जागरूक है। किसी विशेष उद्देश्य के लिए यह करा रही हैं तो एक माह पूर्व यह इलाज लें।

नुकसान के बारे में भी जानिए

इसके नुकसान-साइड इफेक्ट के बारे में भी जागरूक होना चाहिए। जिस जगह इंजेक्शन लगा है वहां सूजन आना, लाल हो जाना, मुंह सूखना, सिरदर्द होने जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं। सही जगह नहीं लगा तो परेशानी बढ़ सकती है। यह काफी महंगा इलाज है।

क्यों करवा रहे हैं

बार्बी बोटॉक्स के जरिए होंठों को भरा हुआ दिखाया जाता है, कंधे व गर्दन पतली दिखाते हैं। चेहरे की झुर्रियों व माथे की लकीरों को छिपाया जाता है।

जरूरी है करवाना तो..

जब बार्बी बोटोक्स ट्रीटमेंट कराएं तो फॉलोअप के लिए अवश्य जाएं। इसमें ट्रीटमेंट का कितना असर हुआ है, कोई साइड इफेक्ट तो नहीं हुआ। इसके प्रभाव देखे जाते हैं। इसलिए समय-समय पर डॉक्टर की मॉनिटरिंग इस ट्रीटमेंट में आवश्यक है। इसे करने से पहले मेडिकल हिस्ट्री भी जानी जाती है।

डॉ. सविता अग्रवाल त्वचा रोग विशेषज्ञ, जयपुर (आपको 15 वर्ष से अधिक अनुभव है।) English News