दुनिया का सबसे बड़ा नगाड़ा 6 फीट ऊंचा रामलला की आरती में बजेगा

Mar 14, 2024 - 22:05
Mar 14, 2024 - 22:05
दुनिया का सबसे बड़ा नगाड़ा 6 फीट ऊंचा रामलला की आरती में बजेगा

अयोध्या. मध्यप्रदेश के रीवा में बना दुनिया का सबसे बड़ा नगाड़ा बुधवार को अयोध्या पहुंचा। इसे रामसेवकपुरम में राम मंदिर ट्रस्ट को सौंप दिया गया। यह रामलला की आरती के दौरान बजाया जाएगा। नगाड़े का व्यास 33 फीट, ऊंचाई छह फीट और वजन 1,100 किलो है। इसकी लागत करीब तीन लाख रुपए बताई गई है।

नगाड़ा रीवा की संस्था शिव बारात जन कल्याण समिति ने बनाया है। नगाड़े को मंगलवार को ट्रेलर पर रखकर रीवा से रवाना किया गया था। करीब 101 वाहन इसके काफिले में साथ चले। अयोध्या पहुंचने पर लोगों ने नगाड़े का स्वागत किया और सेल्फी ली। 

हिंदू-मुस्लिम कारीगरों ने मिलकर बनाया : 

नगाड़ा मध्यप्रदेश, अलीगढ़, कानपुर और प्रयागराज के कारीगरों ने तैयार किया। इनमें मुस्लिम कारीगरों को भी शामिल कर गंगा-जमुना तहजीब की मिसाल पेश की गई। इसे तैयार करने में करीब तीन महीने लगे।

दूर तक होगी गूंज : 

लोहे के विशाल नगाड़े की गूंज कई किलोमीटर तक सुनाई देगी। अयोध्या में फिलहाल इसे राम मंदिर के नजदीक कारसेवकपुरम में रखा जाएगा। निर्माणाधीन राम म्यूजियम का काम पूरा होने के बाद इसे वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। नगाड़े का निर्माण रीवा जिले के धार्मिक महत्त्व के पचमठा में हुआ। कहा जाता है कि आदि शंकराचार्य ने पचमठा में अपने पांचवें मठ की स्थापना की थी।