New Delhi Excellence School नगर निगम में भी बनेंगे दिल्ली सरकार की तर्ज पर एक्सीलेंस स्कूल

Aug 21, 2023 - 10:06

New Delhi Excellence School: दिल्ली सरकार के एक्सीलेंस स्कूलों की तर्ज पर निगम के स्कूलों को विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। नगर निगम ऐसे स्कूलों की पहचान करने में जुटा है जिन्हें एक्सीलेंस स्कूल के तौर पर विकसित किया जा सकता है। इन स्कूलों को निगम आधुनिक शिक्षा की तकनीक से भी युक्त करेगा। साथ ही ऐसी व्यवस्था भी होगी, जहां बच्चे खेल सकेंगे। उन्हें निजी स्कूलों की तर्ज पर पढ़ाई का अनुभव मिल सकेगा। निगम की कोशिश है कि हर जोन में कम से कम दो या तीन स्कूलों को चुना जाए, ताकि दिल्ली में 30 एक्सीलेंस स्कूल बन सकें।

  • विशेष स्कूल विकसित करने के लिए नगर निगम कर रहा सर्वे
  • स्कूलों में भवन, पुस्तकालय व खेल के स्थान को करना है विकसित

आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली में एक्सीलेंस स्कूल बनाए हैं। दिल्ली में 31 स्कूल हैं। इन स्कूलों की आधुनिक इमारतें भी बनाई गई हैं। साथ ही आधुनिक शिक्षा की तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। पुस्तकालय और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी इन स्कूलों में हैं। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल निगम दो तरह के स्कूलों का संचालन करता है।

एक प्राथमिक विद्यालय और दूसरे प्रतिभा विद्यालय हैं। अब हम नई श्रेणी में ऐसे स्कूलों पर काम कर रहे इन स्कूलों की अंतिम सूची सार्वजनिक भी की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में की शिक्षा प्रणाली को बेहतर करने के प्रयास चल रहे है। इसके तहत स्कूलों में मरम्मत का काम चल रहा है। इसके साथ ही नगर निगम ने हाल ही में पोर्टा केबिन में चल रहे पांच स्कूलों की भी स्थायी इमारत बनाने की मंजूरी दी है। दिल्ली सरकार ने निगम को 400 शिक्षक दिए हैं। इससे हमें शिक्षकों की कमी से कुछ \" हद तक राहत मिली है, क्योंकि निगम में अब भी 2400 शिक्षकों की कमी है।

उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए भी दिल्ली नगर निगम प्रयासरत है। नगर निगम अधिकारी ने बताया कि बीते वर्ष निगम स्कूलों में तीन लाख नए दाखिले हुए थे। इस बार उससे ज्यादा दाखिले होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि राजधानी दिल्ली में 1534 स्कूल हैं। इनमें आठ लाख से ज्यादा विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। नगर निगम ने दाखिलों की संख्या बढ़ाने के लिए क्यूआर कोड से लेकर टेलीफोन नंबर भी जारी किया है, जिस पर संपर्क कर अभिभावक अपने बच्चे का दाखिला करा सकते हैं।