तकनीकी पेशेवर क्यों चुन रहे कनाडा की राह?

Sep 6, 2023 - 10:36
तकनीकी पेशेवर क्यों चुन रहे कनाडा की राह?

नई दिल्ली पत्रिका. काम की तलाश में विदेश जाने वालों के लिए कनाडा प्रमुख स्थान है। अब तकनीकी पेशेवरों को भी यह देश लुभा रहा है। पिछले एक साल में वैश्विक स्तर पर 32 हजार से अधिक पेशेवर नौकरी के लिए कनाडा चले गए। अप्रेल, 2022 से मार्च, 2023 के बीच कनाडा गए वैश्विक तकनीकी उद्योग के श्रमिकों का सबसे बड़ा समूह भारत से था।

किन-किन शहरों में बसे पेशेवर?

कनाडा में 2022 के दौरान चार लाख से अधिक सॉफ्टवेयर डेवलपर थे। यहां के कई शहरों में तकनीकी उद्योग अपने चरम पर है। गत वर्ष के दौरान वैश्विक पेशेवर सबसे ज्यादा ओंटारियो, क्यूबेक, ब्रिटिश कोलंबिया और अल्बर्टा में जाकर बसे।

भारतीयों की तादाद कहां से ज्यादा?

कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, दिल्ली और केरल से सर्वाधिक कामगारों ने कनाडा पलायन किया। कनाडा में तकनीकी पेशेवरों की मांग ज्यादा है। हालांकि महिलाओं (26%) के मुकाबले पुरुष पेशेवरों (74%) के लिए अवसर अधिक है।

पेशेवर कनाडा में बसने के इच्छुक क्यों?

कनाडा में तकनीक और संबंधित उद्योगों से जुड़ी 50 हजार से ज्यादा कंपनियां हैं। अधिकांश कनाडाई प्रांतों में जनसंख्या घनत्व कम और कुशल आइटी कर्मचारी सीमित हैं। इसलिए कई कनाडाई प्रांत अप्रवासियों को वहां बसाने और अर्थव्यवस्था में प्रभावी योगदान के लिए आमंत्रित करने के इच्छुक हैं। कनाडा आइटी वर्कर वीजा के साथ अंतरराष्ट्रीय कामगारों के लिए देश में आना संभव बनाता है। एक्सप्रेस एंट्री और फेडरल स्किल्ड वर्कर प्रोग्राम से यह प्रक्रिया काफी आसान हुई है।

किन वजहों से उच्च बनी है मांग?: बीतेे दशक में कनाडाई सरकार ने आइटी क्षेत्र में भारी निवेश किया है। इससे यहां डाटा विश्लेषकों, सॉफ्टवेयर डिजाइनरों, क्लाउड कंप्यूटिंग विशेषज्ञों और कोडिंग पेशेवरों की मांग असाधारण रूप से अधिक है।