राममंदिर के लिए अलीगढ़ के कारीगर ने बनाया 400 किलो का ताला, चार फीट की है चाबी

Aug 7, 2023 - 11:05
Aug 7, 2023 - 11:08

अयोध्या/अलीगढ़. अलीगढ़ के एक रामभक्त ने अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर के लिए 400 किलो का ताला बनाया है। इसकी चाबी 4 फीट लंबी है। यह ताला दिसंबर तक अयोध्या में राम मंदिर प्रबंधन को सौंपा जा सकता है। इस ताले के बारे में श्री रामजन्म भूमि तीर्थ ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारी ने बताया कि मंदिर प्रबंधन को ये देखना होगा कि ताले का प्रयोग कहां किया जाए।

दरअसल, श्रीराम मंदिर के लिए 400 किलो का यह ताला यहां के ताला कारीगर सत्यप्रकाश और उनकी पत्नी रुक्मिणी देवी ने मिलकर बनाया है। सत्यप्रकाश बताते हैं कि इस ताले को बनाने में उनकी सारी जमापूंजी लग गई है। ये ताला दुनिया का सबसे बड़ा हाथ से बना हुआ ताला बताया जा रहा है। सत्यप्रकाश शर्मा बताते हैं कि उनके पूर्वज एक सदी से भी अधिक समय से हस्तनिर्मित ताला बना रहे हैं। वे खुद 45 सालों से ये ही काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 4 फीट की चाबी से खुलने वाला ये ताला उन्होंने राम मंदिर को ध्यान में रखते हुए बनाया है।

ये है ताले की खासियत: सत्यप्रकाश शर्मा और उनकी पत्ी रुक्मिणी देवी बताती हैं कि यह ताला 10 फिट ऊंचा है। 9.5 इंच मोटे और 4.5 फिट चौड़े ताले की अभी सजावट पूरी नहीं हुई है। हम जल्दी से जल्दी इसे तैयार करने में लगे है। हालांकि, अलीगढ़ में आयोजित की गई वार्षिक प्रदर्शनी में हमने इसे रखा था। अब इसमें जो काम बचा है, उसे पूरा किया जा रहा है। यह ताला दिसंबर तक राम मंदिर प्रबंधन को सौंपने की योजना है। फिलहाल दोनों पति-पतनी बड़ी तल्लीनता से इस ताले की सजावट में लगे हुए हैं।

पहले 6 फीट लंबा, 3 फीट चौड़ा ताला बनाया

अलीगढ़ के ताला कारीगर सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि पहले उन्होंने पत्नी रुक्मिणी ने 6 फीट लंबा और 3 फीट चौड़ा ताला बनाया था। कुछ लोगों ने उन्हें बड़ा ताला बनाने की सलाह दी, फिर हमने इसे बड़ा बनाने पर फोकस किया और इसमें करीब दो लाख रु. की लागत आई।